खेल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
खेल लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, अप्रैल 11, 2008

सवाल-जवाब: ओलम्पिक मशाल

लोगो1. क्या ये सच है कि नाज़ियों ने ओलम्पिक मशाल दौड़ की शुरुआत की थी?
हाँ, मौजूदा रूप में मशाल दौड़ की शुरुआत 1936 के बर्लिन ओलम्पिक के दौरान हुई थी. माना जाता है कि हिटलर के प्रचार मंत्री जोज़ेफ़ गोयबल्स को मशाल दौड़ की योजना डॉ. कार्ल डीम ने बताई थी. डीम ने ओलम्पिक के प्रचार का काम भी देख रहे गोयबल्स को बताया कि एथेंस में माउंट ओलिम्पस के हेरा मंदिर से बर्लिन तक की 3422 किलोमीटर की दूरी 3422 आर्य युवा मशाल के साथ पूरा करें तो दुनिया को एक ख़ास तरह का संदेश मिलेगा. मशाल के रूट में बुल्गारिया, युगोस्लाविया, हंगरी, ऑस्ट्रिया और चेकोस्लोवाकिया आया. इन सभी देशों पर आगे चल कर नाज़ियों का क़ब्ज़ा हुआ.

वैसे, सही मामलों में पहली विश्वव्यापी ओलम्पिक मशाल दौड़ 2004 के एथेंस ओलम्पिक के लिए आयोजित की गई.

2. मशाल की बनावट के बारे में कुछ बताएँ, और ये भी कि इसमें ईंधन के रूप में क्या होता है?
मशाल का डिज़ायन मेज़बान देश तय करता है. बीजिंग ओलम्पिक की मशाल 72 सेंटीमीटर ऊँची है. मशालअल्युमिनियम निर्मित मशाल का वज़न 985 ग्राम है. मशाल में ईंधन के रूप में प्रोपेन नामक हाइड्रोकार्बन का उपयोग किया जाता है. मौजूदा मशाल 65 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ़्तार वाली हवा को झेल सकती है. इतना ही नहीं प्रति घंटे 50 मिलिमीटर की दर से बारिश हो तो उसे भी ये मशाल भलीभाँति झेल सकती है. एक मशाल सामान्य परिस्थितियों में क़रीब 15 मिनट तक जल सकती है. यानि अधिकारियों का लक्ष्य होता है कि दौड़ के समय हर 10-12 मिनट में किसी जल रही मशाल से दूसरी मशाल जलाई जाती रहे.

3. किसी कारणवश कभी मशाल बुझी भी है?
पेरिस में यात्रा के दौरान 7 अप्रैल 2008 को मशाल को तीन बार बुझाना पड़ा. ऐसा चीन विरोधी प्रदर्शनों के कारण ऐहतियात के तौर पर करना पड़ा. इससे पहले मात्र दो अवसर और आए जब ओलम्पिक मशाल बुझी. 1976 में मॉन्ट्रियल में अचानक हुई तेज़ बारिश के कारण मशाल बुझ गई. किसी ने आनन-फ़ानन में सिगरेट लाइटर से उसे जला दिया जो कि ठीक बात नहीं मानी गई. इसलिए फिर बैकअप लैम्प से दौड़ में प्रयुक्त मशाल को नए सिरे से जलाया गया. 2004 में भी एक बार मशाल तेज़ हवा के कारण बुझी थी.मातृज्योति लैम्प

जहाँ तक एक देश से दूसरे देश की यात्रा की बात है, तो हवाई जहाज़ पर ले जाने से पहले मशाल को बुझा दिया जाता है. लेकिन दौड़ के लिए एथेंस में तापक शीशे के सहारे जो अग्नि जलाई जाती है, उस मातृज्योति को सुरक्षित लैम्पों में जलते रहने दिया जाता है. इन लैम्पों को आयोजक देश के अधिकारी विमान में संभाले रखते हैं. मशाल दौड़ के विभिन्न चरणों के बीच रातों में विश्राम के वक़्त भी मशाल बुझा दी जाती है, सिर्फ़ लैम्प ही हमेशा जलते रहते हैं.

4. मशाल दौड़ में शामिल होने के लिए लोगों का चुनाव कौन करता है?
ओलम्पिक मशाल थामने के लिए लोगों का चुनाव कई तरह से किया जाता है. ज़्यादातर तो उस देश के अधिकारियों की सलाह पर चुने जाते हैं, जहाँ कि मशाल दौड़ हो रही होती है. इस कोटि में खेल की दुनिया के लोगों की तादात ज़्यादा होती है, हालाँकि समाज के दूसरे तबकों के प्रतिष्ठित लोगों को भी मौक़ा दिया जाता है. मशाल लेकर दौड़ने के लिए कुछ लोगों का चुनाव आयोजक देश की सरकार की तरफ़ से होता है. जैसे लंदन में मशाल थामने वालों में ब्रिटेन में चीन की राजदूत भी शामिल थीं. तीसरी कोटि के लोग मशाल दौड़ के प्रायोजकों की तरफ़ से लगाए जाते हैं. इस बार की प्रायोजक कंपनियाँ हैं- सैमसंग, कोका-कोला और लेनोवो.

5. इस बार मशाल के इर्दगिर्द प्रथम सुरक्षा घेरा बना कर चल रहे नीली-सफ़ेद ट्रैकसूट वाले रक्षकों का क्या मामला है?
ब्लू-एंड-व्हाइट ब्रिगेड के ये लोग दरअसल चीनी सुरक्षा बल के अतिविशिष्ट दस्ते के सदस्य हैं. इस बार लंदन में मशाल दौड़ में शामिल कुछ धावकों की मानें तो चीनी मशाल-रक्षकों का शालीनता से कोई वास्ता नहीं है. टूटी-फूटी अंग्रेज़ी में ये धावकों को 'हाथ ऊपर उठा कर रखो, सीधा चलो...' जैसे आदेश देते रहते हैं. लंदन में 2012 के ओलम्पिक आयोजन से जुड़े एक बड़े खेल अधिकारी ने चीनी मशाल रक्षकों को 'Thugs' की उपमा दी है.

नीले-सफ़ेद पहनावे वाले चीनी मशाल रक्षकों का सबसे ज़्यादा विरोध इस बात को लेकर हो रहा है कि ये चीनी सुरक्षा बलों की उन्हीं टुकड़ियों से हैं जिन पर कि तिब्बत में दमनात्मक कार्यों में शामिल होने का आरोप रहा है. और अंतत:, मशाल दौड़ में शामिल ब्रिटेन, फ़्रांस, अमरीका और अर्जेंटीनी जैसे देशों की चुप्पी के बाद जापान ने चीनियों से ये कहने का साहस किया है कि उसके यहाँ चीनी रक्षकों को मशाल के साथ दौड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी, क्योंकि जापान अपने दम पर मशाल की सुरक्षा-व्यवस्था सुनिश्चित कर सकता है.

रविवार, अक्टूबर 15, 2006

शतरंज का अविवादित बादशाह क्रैमनिक

टॉयलेटगेट के कारण बिना खेले एक मैच में पराजित करार दिए जाने के बाद भी आख़िरकार रूस के व्लादिमीर क्रैमनिक ही अजेय बन कर निकले. रूसी गणतंत्र कलमीकिया की राजधानी इलिस्ता में संपन्न पहली फ़िडे-पीसीए संयुक्त विश्व चैम्पियनशिप में क्रैमनिक ने बुल्गारिया के वेसेलिन तोपालोव को चौथे और अंतिम टाईब्रेकर में हरा कर ख़िताब अपने नाम कर लिया.

बारह नियमित मैचों के बाद दोनों खिलाड़ी 6-6 से बराबरी पर थे. लेकिन टाईब्रेकर में क्रैमनिक 2.5-1.5 से आगे रहे और अविवादित विश्व चैम्पियन बने. पहली बार ख़िताब का फ़ैसला टाईब्रेकर से हुआ, वरना अब तक नियमित मैचों में मुक़ाबला बराबरी पर रहने पर ख़िताब पूर्व चैम्पियन के पास ही रह जाता था.

क्रैमनिक 2000 में कास्पारोव को हराने के बाद से शतरंज के क्लासिक विश्व चैम्पियन तो माने जाते थे, लेकिन अनधिकृत या बेताज बादशाह. अधिकृत चैम्पियन तोपालोव ही थे.

दरअसल क्रैमनिक ने शतरंज की मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय संस्था फ़िडे के नेतृत्व को मानने से इनक़ार कर शतरंज के तत्कालीन बेताज बादशाह और पीसीए यानि पेशेवर शतरंज संघ के संस्थापक कास्पारोव को चुनौती दी थी, और उन्हें हराया था. जबकि दूसरी तरफ़ नियमित विश्व चैम्पियनशिप में पिछले साल तोपालोव विजेता बन कर सामने आए थे.(भारत के विश्वनाथन आनंद उपविजेता रहे थे.)अंतरराष्ट्रीय शतरंज के 13 साल के विभाजन को पाटने के लिए ही इस बार कलमीकिया में दोनों मौजूदा विश्व चैम्पियनों के बीच मुक़ाबला कराया गया था, ताकि शिखर पर एक ही खिलाड़ी रहे.

तो क्या अगले साल मेक्सिको में होने वाली नियमित विश्व चैम्पियनशिप में गत विजेता तोपालोव की जगह क्रैमनिक पहुँचेंगे ख़िताब की रक्षा के लिए? यदि मेक्सिको में होने वाली प्रतियोगिता की आधिकारिक वेबसाइट की मानें तो ऐसा ही होगा. वेबसाइट पर दो दिन पहले तक जहाँ तोपालोव का नाम था, वहाँ अब क्रैमनिक विराजमान हैं.

लेकिन अंतरराष्ट्रीय शतरंज की दुनिया इतनी सीधी भी नहीं है. वहाँ ढाई घर कूदने वाली चालें अक्सर देखने को मिलती हैं. अगले साल की निर्धारित विश्व चैम्पियनशिप की राह में कम-से-कम दो पेंच तो अभी ही दिख रहे हैं. पहली बात तो ये कि क्रैमनिक ने अभी तक खिताब की रक्षा के लिए मेक्सिको में खेलने की हामी ही नहीं भरी है. और, फ़िडे और उसकी प्रतियोगिताओं के प्रति क्रैमनिक कितनी बेरूख़ी रखते रहे हैं, वो जगजाहिर है. ऊपर से क्रैमनिक अभी ये भी नहीं कह रहे कि एक मैच में खेले बिना उन्हें पराजित घोषित किए जाने के फ़ैसले पर वो फ़िडे को अदालत में नहीं घसीटेंगे!

दूसरा पेंच ये कि तोपालोव ने क्रैमनिक को अगले साल विश्व ख़िताबी मुक़ाबले में चुनौती देने के संकेत दिए हैं. बुल्गारिया वापस लौटने पर तोपालोव के मैनेजर दनाइलोव ने पत्रकारों को बताया कि मौजूदा फ़िडे नियमों के अनुसार ख़िताबी टक्कर में पराजित खिलाड़ी विजेता को चुनौती दे सकता है, बशर्ते वो 15 लाख यूरो की पुरस्कार राशि का इंतज़ाम करे. दनाइलोव ने कहा कि वह जल्दी ही पुरस्कार राशि के लिए प्रायोजकों को जुटाना शुरू कर देंगे. हालाँकि, दनाइलोव इस बात का जवाब नहीं दे रहे हैं कि फ़िडे संयुक्त चैम्पियनशिप 2006 के विजेता क्रैमनिक को अगले साल मेक्सिको में चैम्पियनशिप के हैसियत से खेलने से किस आधार पर रोक सकता है?

ख़ैर, ये तो हुई आगे की बात. पीछे मुड़कर देखें कि आख़िरकार टॉयलेटगेट का रहस्य क्या था? तोपालोव का दल तो अब भी यही कह रहा है कि मैच के दौरान क्रैमनिक के बार-बार टॉयलेट जाने का साफ़ मतलब था कि वहाँ कुछ था जिसकी सहायता रूसी खिलाड़ी को मिल रही थी. लेकिन अविवादित विश्व विजेता बनने के दो दिनों बाद अपनी चुप्पी तोड़ते हुए क्रैमनिक ने आरोप को बकवास बताया है. उनका कहना है कि चहलक़दमी करने से मैच के दौरान एकाग्रता बनाए रखने में उन्हें मदद मिलती है. और, चूँकि उन्हें मिला रेस्टरूम छोटा था सो वे चहलक़दमी करते हुए आगे टॉयलेट तक चले जाते थे!

रविवार, अक्टूबर 08, 2006

विश्व शतरंज चैम्पियनशिप या टॉयलेटगेट

क्रैमनिक और तोपालोवइन दिनों कलमीकिया में शतरंज की विश्व चैम्पियनशिप चल रही है. अभी 23 सितंबर को शुरू हुई चैम्पियनशिप आधे रास्ते भी नहीं पहुँची थी, कि इसे 'टॉयलेटगेट' का नाम दिया जाने लगा...जी हाँ, शौचालय से जुड़ा कांड या मज़ाक!

संक्षेप में इस टॉयलेटगेट की अब तक की कहानी इस प्रकार है:-

कलमीकिया रूस के दक्षिणी भाग में एक छोटा-सा गणतंत्र है. इसके राष्ट्रपति किर्सन इल्युमझिनोव शतरंज की मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय संस्था विश्व शतरंज परिसंघ या FIDE के अध्यक्ष भी हैं. कलमीकिया और इल्युमझिनोव पर विस्तार से चर्चा अगले किसी पोस्ट में करूँगा, पहले टॉयलेटगेट की कहानी पर आता हूँ.

जब इस साल FIDE प्रमुख के चुनाव का वक़्त आया तो पदासीन अध्यक्ष इल्युमझिनोव के कुर्सी पर आगे भी काबिज़ रहने की संभावना कम हो चली थी. ऐसे में इल्युमझिनोव ने तुरुप का पत्ता खोला. उन्होंने कहा कि हमें पद पर बनाए रखो तो FIDE के मौजूदा चैम्पियन बुल्गारिया के वेसेलिन तोपालोव और पेशेवर शतरंत महासंघ या PCA के विश्व चैम्पियन रूस के व्लादिमीर क्रैमनिक के बीच मुक़ाबला करा देंगे. यानि शतरंज के वास्तविक विश्व चैम्पियन का फ़ैसला हो जाएगा. FIDE के सदस्य देशों के खेल पदाधिकारियों ने इल्युमझिनोफ़ पर भरोसा व्यक्त करते हुए उन्हें अध्यक्ष के रूप में पुनर्निर्वाचित करा दिया.

वर्ष 1993 के बाद से दुनिया में शतरंज के दो विश्व चैम्पियन रहे हैं. मौजूदा दो चैम्पियनों में से एक हैं तोपालोव जोकि FIDE आयोजित आधिकारिक विश्व चैम्पियनशिप 2005 के विजेता हैं. दूसरे, अनधिकृत लेकिन विश्वसनीय विश्व चैम्पियन हैं क्रैमनिक, जिन्होंने 2000 में शतरंज के बेताज बादशाह गैरी कास्पारोव को हराया था. (उस मुक़ाबले में कास्पारोव को क्रैमनिक के ख़िलाफ़ एक भी मैच में जीत नसीब नहीं हो पाई थी.) कास्पारोव ने ही 1993 में ख़ुद को FIDE से अलग करते हुए, ब्रिटेन के ग्रैंड मास्टर नाइजल शॉर्ट के साथ मिल कर PCA की नींव रखी थी. हालाँकि उनके PCA को ओलंपिक कमेटी की मान्यता नहीं मिली, और शतरंज का आधिकारिक विश्व संगठन FIDE ही बना रहा.

ख़ैर, बात बात हो रही थी इल्युमझिनोव की. अध्यक्ष के रूप में अगले कार्यकाल के लिए चुन लिए जाने के बाद उन्होंने तोपालोव और क्रैमनिक को विश्व चैम्पियनशिप मुक़ाबले में भाग लेने के लिए राज़ी कर शतरंजप्रेमियों को चौंका दिया. इस 10 लाख डॉलर पुरस्कार राशि वाली चैम्पियनशिप का आयोजन स्थल कलमीक राजधानी इलिस्ता को बनाया गया.

चैम्पियनशिप में 12 मैच रखे गए, इस शर्त के साथ कि जो पहले 6.5 अंक ले आएगा वो शतरंज का विश्व चैम्पियन घोषित होगा.

सितंबर की 23 और 24 तारीख़ को पहले और दूसरे मैच को क्रैमनिक ने जीता और 2-0 की बढ़त बना ली. तीसरे और चौथे मैच अनिर्णीत छूटे, यानि चार मैचों के बाद 27 सितंबर को क्रैमनिक 3-1 से आगे थे. तोपालोव की स्थिति कमज़ोर हो चली और शतरंज विशेषज्ञों के कॉलमों में लिखा जाने लगा कि वे अब शायद ही मुक़ाबले में आगे निकल पाएँ. हालाँकि, तोपालोव भी बेहतरीन खिलाड़ी माने जाते हैं, और उनमें किसी भी विपरीत परिस्थिति से उबरने की क्षमता है. इसलिए लगता नहीं कि वो हताश हो गए होंगे. लेकिन उनके मैनेजर सिल्वियो दनाइलोव ज़रूर हताश हो चुके थे.

तोपालोव के मैनेजर दनाइलोव ने आरोप लगाया कि मैच के बीच में क्रैमनिक बीसियों बार टॉयलेट जाते हैं, जो कि दाल में काले जैसी बात है. ख़ुद उन्होंने खुल कर और ज़्यादा कुछ नहीं कहा, लेकिन दबी ज़ुबान में दनाइलोव के गुर्गों ने आरोप लगाया कि क्रैमनिक बार-बार टॉयलेट इसलिए जाते हैं कि उन्होंने वहाँ कंप्यूटर और अन्य उपकरण जमा रखा है, जिनके ज़रिए वे आगे की चाल का फ़ैसला करते हैं.

चैम्पियनशिप में दोनों खिलाड़ियों को अपना-अपना व्यक्तिगत टॉयलेट सुलभ कराया गया था. दनाइलोव ने कहा कि तोपालोव पाँचवें मुक़ाबले में तभी उतरेंगे जबकि क्रैमनिक के टॉयलेट में ताला लगा दिया जाए, और वो उसी शौचालय का उपयोग करें जो कि तोपालोव करते हैं.

ये सब नाटक ऐसे समय हुआ जब FIDE प्रमुख इल्युमझिनोव रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक बैठक के लिए कलमीकिया से दूर मॉस्को में थे. जब 29 सितंबर को पाँचवाँ मैच शुरू होने का वक़्त आया तो तोपालोव शतरंज की बिसात पर आए, लेकिन क्रैमनिक अपने बंद पड़े टॉयलेट के सामने खड़े रहे. बाद में क्रैमनिक अपने रेस्ट-रूम में वापस लौट गए, जबकि तोपालोव बिसात पर अकेले पड़े रहे. अधिकारियों ने बिना कोई चाल वाले इस पाँचवें मुक़ाबले में तोपालोव को विजेता घोषित कर उन्हें पूरे अंक दे दिए.

इस अपमानजनक स्थिति के बाद क्रैमनिक ने चैम्पियनशिप में आगे खेलने से मना कर दिया. कहा कि शर्तों के मुताबिक उन्हें सिर्फ़ उनके लिए व्यक्तिगत शौचालय उपलब्ध कराया जाया, तभी बात आगे बढ़ सकती है. उन्होंने साफ़ कर दिया कि प्रतिद्वंद्वी के साथ वे किसी भी क़ीमत पर टॉयलेट शेयर नहीं करने जा रहे. ऐसे में यही लग रहा था कि पहली शतरंज विश्व चैम्पियनशिप टॉयलेट में बहने ही वाली है.

ख़ैर, FIDE प्रमुख इल्युमझिनोव की मान-मनौव्वल और राष्ट्रपति पुतिन के क्रैमनिक से खेल जारी रखने के आग्रह के बाद अंतत: दो अक्तूबर को छठा मुक़ाबला शुरू हुआ. दोनों खिलाड़ियों के दलों ने एक-दूसरे के रेस्ट-रूम का निरीक्षण किया. क्रैमनिक को व्यक्तिगत टॉयलेट उपलब्ध दोबारा उपलब्ध करा दिया गया, लेकिन इससे पहले तोपालोव के दल ने क्रैमनिक के टॉयलेट का निरीक्षण किया.

मामला तो सुलझ गया, और तोपालोव ने मुक़ाबले में शानदार वापसी भी की छठा-सातवाँ मैच ड्रॉ कर, और आठवाँ-नौवाँ मैच जीत कर. अंतत: आज आठ अक्तूबर को क्रैमनिक टॉयलेटगेट के बेहूदा हादसे से उबर पाए और दसवाँ मैच जीत कर मामला 5-5 से बराबरी पर ला दिया.

आगे के दो मैचों में कुछ भी हो सकता है. बेहतर हो क्रैमनिक जीत जाएँ या कम-से-कम संयुक्त विजेता तो ज़रूर बनें, क्योंकि टॉयलेट के चलते तोपालोव के दल ने उन्हें बेमतलब मानसिक प्रताड़ना दी. क्रैमनिक के साथ इससे भी बड़ा अन्याय ये हुआ कि पाँचवें मैच में बिना किसी चाल चले तोपालोव को पूरे अंक दे दिए गए. यदि न हुए मैच का अंक दोनों में बाँटा जाता, तो दसवें मैच के अंत में आज क्रैमनिक 5.5-4.5 से आगे चल रहे होते.

और अंत में देखिए ये चित्र. शायद तोपालोव के मैनेजर दनाइलोव की कल्पना में क्रैमनिक का टॉयलेट कुछ ऐसा ही होगा-

हाइटेक टॉयलेट

गुरुवार, जून 08, 2006

फ़ुटबॉल का विज्ञान (भाग- 3)

'हाउ टू स्कोर' में फ़ुटबॉल विशेषज्ञ केन ब्रे के अनुसार बड़े-बड़े मैचों में जीत-हार का फ़ैसला अक्सर 'सेट पीस' तय करते हैं.

सेट पीस यानि 'थ्रो-इन', 'कॉर्नर', 'फ़्री किक' और 'पेनाल्टी'. सेट पीस या सेट प्ले की व्यवस्था क्षणिक व्यवधानों के बाद खेल को दोबार पटरी पर लाने या खेल में रफ़्तार देने के लिए की गई है. हालाँकि अच्छी टीमें इसके आधार पर ही बड़े-बड़े मैच जीतती हैं.

यहाँ यह बात उल्लेखनीय है कि निरंतर अभ्यास से कोई टीम सेट पीस का भरपूर फ़ायदा उठा सकती है, और काँटे के मुक़ाबलों में गोल करने के अवसर बना सकती है. सेट पीस में सबसे रोचक है फ़्री किक, और गोल में बदलने वाली हर फ़्री किक के पीछे है शुद्ध विज्ञान.

यदि अटैक एरिया में कोई स्ट्राइकर सही फ़्री किक लेने में सफल रहता है तो गेंद को गोल में बदलने से रोकना लगभग असंभव ही होगा. किसी मैच जिताऊ डाइरेक्ट फ़्री किक में गेंद की गति 60 से 70 मील प्रति घंटा होनी चाहिए, गेंद की स्पिन पाँच से दस चक्कर प्रति सेकेंड की होनी चाहिए और गेंद की उठान 16 से 17 डिग्री की होनी चाहिए. यदि इन विशेषताओं वाली फ़्री किक ली गई तो गेंद पर एरोडायनमिक बलों के जादू के कारण 900 मिलिसेकेंड यानि एक सेकेंड से भी कम समय में गेद को नेट में पहुँचने से शायद ही रोका जा सकता है.


कोई फ़्री किक किस स्तर की है यानि उसके गोल में बदलने की संभावना है या नहीं, यह पहले 15 मिलिसेकेंड में ही तय हो जाता है जबकि बूट और गेंद का संपर्क होता है. फ़्री किक ले रहे स्ट्राइकर के सामने विरोधी टीम के खिलाड़ी 'वॉल' बन कर खड़े होते हैं. ऐसे में गोलकीपर को गेंद के दर्शन पहली बार जब होते हैं तो 400 मिलिसेकेंड का समय गुजर चुका होता है, और गेंद वॉल के ऊपर निकल रही होती है. गोलकीपर गेंद की दिशा और गति का अनुमान लगाने में कितनी भी जल्दी करे उसका दिमाग़ सारी सूचनाओं को प्रोसेस करने में कम से कम 200 मिलिसेकेंड का समय ले लेता है. इसके बाद नेट और गेंद के बीच अवरोध बनने के लिए उसके पास बचते हैं मात्र 300 मिलिसेकेंड. यदि सटीक फ़्री किक ली गई हो तो इतने कम समय में गोलकीपर के लिए गेंद को रोकना लगभग नामुमकिन हो जाता है.

अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 प्रतिशत फ़्री किक गोल में तब्दील हो जाते हैं क्योंकि वहाँ थियरी ऑनरि और डेविड बेकम जैसे फ़ुटबॉल के जादूगर जो होते हैं. (यहाँ एक रोचक तथ्य ये है कि अधिकतर स्ट्राइकर फ़्री किक में गेंद को साइड-स्पिन कराते हैं. लेकिन बेकम गेंद को हल्का टॉप-स्पिन दिलाने में सक्षम हैं. दूसरी ओर ऑनरि जैसे कुछ खिलाड़ी गेंद को वर्टिकल-स्पिन दिलाते हैं.)

जहाँ तक पेनाल्टी शॉट की बात है तो इसके पीछे भी विज्ञान है. पहले पेनाल्टी शॉट की सफलता दर की बात करते हैं: किसी मैच में निर्धारित अवधि के दौरान पेनाल्टी शॉट के गोल में बदलने की दर 80 प्रतिशत होती है. लेकिन अतिरिक्त समय में, ख़ास कर पेनाल्टी शूट आउट के समय यह दर गिर कर 75 प्रतिशत रह जाती है. (खेल आगे बढ़ते जाने के साथ-साथ गोलकीपर स्ट्राइकरों की चाल भाँपने लगते हैं, शायद इसीलिए बाद में पेनाल्टी शॉट को रोकने में उन्हें पहले से ज़्यादा सफलता मिलने की संभावना रहती है.)

लेकिन केन ब्रे की मानें तो गोलकीपर चाहे ओलिवर कान ही क्यों न हों, उनके पेनाल्टी शॉट रोकने की संभावना नहीं के बराबर रहती है, बशर्ते स्ट्राइकर गेंद को गोल एरिया के बचावरहित माने जाने वाले 28 प्रतिशत इलाक़े में डाले.


हो सकता है गोलपोस्ट के पास के निचले हिस्से में डाली गई गेंद को तेज़ी से छलांग लगाकर रोकना किसी सुपरफ़ास्ट गोलकीपर के लिए संभव हो जाए. लेकिन यदि गोल एरिया के बचावरहित हिस्से में गेंद कंधे की ऊँचाई पर डाली जाए, तो उसे रोकना लगभग नामुमकिन होगा.

सोमवार, जून 05, 2006

फ़ुटबॉल का विज्ञान (भाग-2)


फ़ुटबॉल विश्व कप शुरू होने को है लेकिन अभी भी प्रतियोगिता में भाग लेने वाली 32 टीमों में से कई यह तय नहीं कर पाई है कि वह किस फ़ॉर्मेशन पर भरोसा करे. पिछले सप्ताह ही इंग्लैंड ने हंगरी के ख़िलाफ़ दोस्ताना मुक़ाबले में अपने पारंपरिक 4-4-2 फ़ॉर्मेशन की जगह 4-5-1 को अपनाया.

फ़ॉर्मेशन यानि किसी टीम के लिए पूरे मैदान को तीन काल्पनिक भागों या ज़ोन्स (डिफ़ेंस, मिडफ़िल्ड और अटैक) में बाँटने के बाद हर भाग में तैनात खिलाड़ियों की गिनती. ज़ाहिर है इस गणित में गोलकीपर को छोड़ कर बाक़ी 10 खिलाड़ियों को शामिल किया जाता है.

लोकप्रिय फ़ॉर्मेशन हैं: 4-4-2, 4-3-3 और 4-5-1. इसके अलावा भी कई फ़ॉर्मेशन हो सकते हैं, मसलन 4-2-4, 3-5-2, 5-3-2 आदि.

फ़ॉर्मेशन के आधार पर ही खेल विशेषज्ञ ये आकलन करते हैं कि कोई टीम आक्रामक खेल खेलने में भरोसा रखती है, या रक्षात्मक खेल में.

किसी भी टीम के लिए मैदान के तीन काल्पनिक भागों में से हरेक में गेंद को अपने क़ब्ज़े में लेना महत्वपूर्ण होता है. लेकिन आख़िरी भाग यानि अटैकिंग ज़ोन में गेंद पर क़ब्ज़े का महत्व सबसे ज़्यादा है, क्योंकि यहाँ गेंद पर नियंत्रण से गोल की संभावना सबसे ज़्यादा होती है.

इसलिए बेहतरीन फ़ॉर्मेशन उसी को माना जाएगा जिसमें किसी टीम को गेंद पर क़ब्ज़ा रखने और उसे अटैकिंग थर्ड तक पहुँचाने के ज़्यादा अवसर होते हैं.

गेंद पर क़ब्ज़ा बनाए रखना संभव होता है पासिंग के ज़रिए.

'हाउ टू स्कोर' के लेखक केन ब्रे ने अपने रिसर्च में विभिन्न फ़ॉर्मेशनों में उपलब्ध पासिंग विकल्पों पर ग़ौर किया. (उन्होंने इस गणना में 40 मीटर से ज़्यादा दूर के पास को शामिल नहीं किया.) उन्होंने पाया कि 4-4-2 फ़ॉर्मेशन में 10 खिलाड़ियों के बीच कुल 66 तरह के पासिंग विकल्प मौज़ूद होते हैं. यह संख्या 4-3-3 फ़ॉर्मेशन के लिए 56, 4-2-4 के लिए 54 और 4-5-1 के लिए 62 होती है.(जहाँ तक कुल पासिंग की बात है तो एक मैच में कोई टीम औसतन 650 पास बनाती है.)


जहाँ तक गेंद को अटैकिंग थर्ड में पहुँचाने की बात है तो 4-2-4 फ़ॉर्मेशन में क़ब्ज़े में आने के बाद गेंद को अटैकिंग थर्ड में डालना औसत 15 प्रतिशत मामलों में संभव होता है. 4-3-3 फ़ॉर्मेशन में यह प्रतिशत होता है 13, जबकि 4-4-2 में 12 और 4-5-1 में 8 प्रतिशत. ज़ाहिर है 4-2-4 अटैकिंग खेल के लिहाज़ से सबसे उपयुक्त फ़ॉर्मेशन है लेकिन आजकल के तेज़ गति वाले खेल में कोई टीम मिडफ़िल्ड को कमज़ोर रखने की ज़ोख़िम मोल नहीं लेना चाहती है.


सबसे ज़्यादा लोकप्रिय फ़ॉर्मेशन 4-4-2 को माना जाता है. टीमें इस फ़ॉर्मेशन को इसलिए अपनाती हैं, कि इसमें भरपूर रक्षात्मक संभावनाएँ होने के साथ-साथ हमला करने के भी पर्याप्त मौक़े होते हैं. हालाँकि केन ब्रे की मानें तो उन टीमों की सफलता की ज़्यादा संभावना रहती है जो कि परिस्थितियों को देखते हुए एक फ़ॉर्मेशन से दूसरे में स्विच करने में सक्षम होती हैं.

शनिवार, जून 03, 2006

फ़ुटबॉल का विज्ञान (भाग-1)

फ़ुटबॉल विश्व कप 2006 के शुरू होने में सप्ताह भर भी नहीं बचे हैं. अगले एक महीने तक पूरी दुनिया फ़ुटबॉल के ज्वर में तपेगी. हर बार की तरह इस बार भी संभावित चैंपियन की सूची में ब्राज़ील की टीम को सबसे ऊपर रखा जा रहा है.

ब्राज़ील की टीम की बात हो तो इस बात का ज़रूर ज़िक्र किया जाता है कि यह टीम सही मायने में कलात्मक फ़ुटबॉल खेलती है. ब्राज़ील के खिलाड़ी मैदान पर गेंद के साथ डांस करते हैं, और ऐसा करते हुए विरोधी टीम के खिलाड़ियों को अपने इशारे पर नचाते भी हैं. यानि फ़ुटबॉल को एक लयबद्ध कलात्मक खेल के रूप में देखा जा सकता है, लेकिन इसका एक विस्तृत वैज्ञानिक आधार भी है. ब्रिटेन के बाथ विश्वविद्यालय से जुड़े विशेषज्ञ केन ब्रे की किताब 'हाउ टू स्कोर: साइंस एंड द ब्यूटिफ़ुल गेम' में इसी बात को रेखांकित किया है.

केन ब्रे सफल फ़ुटबॉल खिलाड़ियों के शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहने को सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण मानते हैं. उनका कहना है कि फ़ुटबॉल में किसी खिलाड़ी की कुशलता या स्टाइल का कोई मतलब नहीं, यदि वह बिना थके 90 मिनट तक खेल नहीं सके. और अब जबकि अतिरिक्त समय में मैच का खिंचना आम बात हो चली है, पूरी क्षमता से खेलने के लिए खिलाड़ियों में दमखम होना ज़रूरी है.

फ़ुटबॉल दौड़भाग वाला खेल है और कोई खिलाड़ी कितना दौड़ पाता है ये सीधे-सीधे इस बात पर निर्भर करता है कि वो कितना दमदार है. किस पोज़ीशन पर खेलने वाले खिलाड़ी को ज़्यादा दौड़ना पड़ता है इस बारे में पहली बार 1976 में ब्रिटेन के लिवरपुल जॉन मूरस विश्वविद्यालय में अध्ययन किया गया था. अध्ययन में पाया गया कि सर्वाधिक शारीरिक मेहनत मिडफ़िल्डर को करनी होती है. इस अध्ययन के अनुसार एक मिडफ़िल्डर 90 मिनट के खेल में 9.8 किलोमीटर दौड़ता है, एक स्ट्राइकर 8.4 किलोमीटर की दूरी तय करता है जबकि फ़ुलबैक खिलाड़ी 8.2 किलोमीटर भागता है. इसके अलावा सेंटरबैक डिफ़ेंडर 7.8 किलोमीटर दौड़ता है, जबकि मैदान के एक छोर पर डटे रहने को मज़बूर गोलकीपर भी मैच के दौरान आमतौर पर 4 किलोमीटर भाग लेता है.

ये तो बात थी तीन दशक पहले हुए एक अध्ययन की. इसे आज की स्थिति पर लागू किया जाए तो खिलाड़ियों के दमखम का महत्व और बढ़ा नज़र आता है. केन ब्रे की मानें तो मौज़ूदा तेज़ गति वाले फ़ुटबॉल में हर खिलाड़ी को तीन दशक पहले की तुलना में 30 प्रतिशत ज़्यादा दूरी तय करनी पड़ती है. मतलब एक तेज़-तर्रार मिडफ़िल्डर को आज एक मैच में 12.5 से 13 किलोमीटर तक भागना पड़ता है. (यहाँ एक रोचक तथ्य यह कि इतनी दूरी भागने के दौरान मात्र दो प्रतिशत दूरी में गेंद भी खिलाड़ी के साथ होती है.)


बात सिर्फ़ दौड़ने-भागने की ही रहती तो डेढ़ घंटे में 13 किलोमीटर दूरी तय करना कोई बड़ी बात नहीं. केन ब्रे पाँच दशक के फ़ुटबॉल पर नज़र डालने के बाद बताते हैं कि किसी मैच में एक खिलाड़ी तेज़ दौड़ने, टैकल करने, हेडर मारने, थ्रो करने और रुकने जैसे अलग-अलग एक्शन में एक हज़ार से ज़्यादा बार आता है. मतलब एक खिलाड़ी को हर पाँच से छह सेकेंड में एक अलग शारीरिक एक्शन से गुजरना होता है, और उसे औसतन हर डेढ़ मिनट में एक बार तेज़ गति से भागने की ज़रूरत पड़ती है. जहाँ तक क्षणिक आराम की बात है तो इसके लिए औसतन हर दो मिनट में तीन सेकेंड का मौक़ा मिलता है.

एक खिलाड़ी पूरे मैच के दौरान औसत व्यक्ति की दैनिक ज़रूरत की 66 प्रतिशत ऊर्जा या कैलोरी ख़र्च कर देता है. ऐसा शरीर में ग्लाइकोजेन की मौज़ूदगी के कारण ही संभव हो पाता है. ग्लाइकोजेन भोजन में मौज़ूद कार्बोहाइड्रेट्स से बनता है. खेल के दौरान दौड़भाग के चलते लीवर और माँसपेशियों में मौज़ूद ग्लाइकोजेन लगभग ख़त्म हो जाता है. लेकिन संतुलित आहार का सेवन करने और कार्बोहाइड्रेट की प्रचूरता वाले पेय पदार्थ पीने से चुक गए ग्लाइकोजेन की भरपाई 24 घंटे के भीतर की जा सकती है.

सोमवार, अप्रैल 17, 2006

विश्व कप के लिए तैयार स्विटज़रलैंड

स्विटज़रलैंड ने जून में जर्मनी में शुरू हो रही विश्व कप फ़ुटबॉल प्रतियोगिता के लिए बड़ी ही आक्रामक तैयारी की है.

चौंकिए नहीं, आपसे मैं पूरी तरह सहमत हूँ कि स्विस टीम के लीग दौर से आगे पहुँचने की संभावना भी प्रबल नहीं कही जा सकती और सेमीफ़ाइनल-फ़ाइनल में जाने की बात तो सोची भी नहीं जा सकती. लीग मुक़ाबलों में स्विटज़रलैंड का पाला फ़्रांस, दक्षिण कोरिया और टोगो से है. टोगो के प्रदर्शन का तो मुझे पता नहीं, लेकिन इतना तो निश्चय ही कहा जा सकता है कि लीग की बाकी दोनों टीमों से पार पाना आसान नहीं होगा. फ़्रांस तो विश्व कप के प्रमुख दावेदारों में से है, जबकि दक्षिण कोरिया के भूटिया जवान भी अपनी तेज़ी और दमखम से बड़ी-बड़ी टीमों का पसीना छुड़ा देते हैं.

स्विटज़रलैंड की टीम अंतरराष्ट्रीय फ़ुटबॉल रैंकिंग में 36वें नंबर पर आती है. और सटोरियों की बात करें तो स्विटज़रलैंड के चैंपियन बनने पर सट्टे का भाव इस समय 80-1 का चल रहा है. मतलब खेल में तमाम अनिश्चतताओं के बावज़ूद चैंपियन के रूप में स्विस टीम की कल्पना करना भी उचित नहीं लगता.

तो भला मैं विश्व कप के लिए स्विटज़रलैंड की किसी आक्रामक तैयारी की बात कर रहा हूँ? भइये, मैं पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए की जा रही तैयारी की बात कर रहा हूँ. विश्व कप प्रतियोगिता आयोजित हो रही है जर्मनी में और प्रतियोगिता के दौरान पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आक्रामक रणनीति बना रहा है स्विटज़रलैंड. अटपटी बात? बिल्कुल नहीं, क्योंकि स्विटज़रलैंड के लिए पर्यटन अपनी संस्कृति और नैसर्गिक संपदा दुनिया के सामने लाना कम, विशुद्ध धंधा ज़्यादा है.

सदियों से स्विटज़रलैंड का समाज एक धंधेबाज़ समाज रहा है. याद कीजिए स्विस गार्ड पर देश-दुनिया के पोस्ट को, जिसमें इस बात का उल्लेख है कि कैसे पहले पूरे यूरोप में भाड़े के सैनिकों की आपूर्ति स्विटज़रलैंड से होती थी.

स्विटज़रलैंड पर्यटन(और कुछ हद तक बैंकिंग) के बल पर ही तो दुनिया के संपन्न देशों की पाँत में बैठा हुआ है. ऐसे में यदि विश्व कप के दौरान संभावित पर्यटक जर्मनी का रूख़ करें या फिर घर में टेलीविज़न से चिपके रहें, तो स्विटज़रलैंड की अर्थव्यवस्था का क्या होगा. इसी बात को ध्यान में रख कर स्विस पर्यटन बोर्ड ने विश्व कप विधवाओं को लुभाने की योजना बनाई है. विश्व कप विधवा- यानि खाते-पीते घर की वो महिलाएँ जिनका विश्व कप के दौरान फ़ुटबॉलप्रेमी पतियों की ज़िंदगी में कोई स्थान नहीं रह जाता.

स्विस पर्यटन बोर्ड ने विश्व कप विधवाओं को प्रतियोगिता के दौरान स्विटज़रलैंड आमंत्रित करने के लिए एक सेक्सी टीवी विज्ञापन तैयार किया है. महिलाओं को संबोधित करते हुए इसमें कहा गया है-"कन्याओं, क्यों नहीं विश्व कप फ़ुटबॉल प्रतियोगिता के दौरान आप ऐसे देश में आती हैं जहाँ के मर्द फ़ुटबॉल को कम और आपको ज़्यादा समय देते हैं? " इस वॉयसओवर के साथ विज्ञापन में स्विटज़रलैंड की पहचान से जुड़े काम करते हट्टे-कट्टे नौजवानों को दिखाया जाता है. इनमें गाय दूहते रेंज़ो ब्लूमेंथल भी हैं जो कि पिछले साल मिस्टर स्विटज़रलैंड बने थे. कन्याओं को लुभाने के लिए कुछ मॉडलों के शरीर पर कपड़े में किफ़ायत बरती गई है.

विज्ञापन शुरू में जर्मनी, फ़्रांस और स्विटज़रलैंड के टेलीविज़न चैनलों पर दिखाया जाएगा. वैसे, अमरीकियों और जापानियों के बाद मुझे स्विटज़रलैंड में सर्वाधिक पर्यटक भारत के ही दिखे हैं. इसका एक कारण यश चोपड़ा की फ़िल्मों का असर भी कहा जा सकता है. स्विटज़रलैंड में यांगफ़्राउ ग्लेशियर पर (जो कि टॉप ऑफ़ यूरोप के नाम से जाना जाता है) बॉलीवुड नामक एक बढ़िया रेस्तराँ भी है(हालाँकि उसका मालिक एक स्विस नागरिक ही है). मतलब, भारत में फ़ुटबॉल को लेकर जिन इलाक़ों में दीवानगी है(पश्चिम बंगाल, केरल, गोवा आदि), वहाँ के खाते-पीते परिवार की महिलाओं को केंद्रित कर स्विस पर्यटन बोर्ड बीबीसी वर्ल्ड या सीएनएन के एशियाई प्रसारण में इस विज्ञापन को सम्मिलित करे तो कोई आश्चर्य नहीं.

विश्व कप विधवाओं को लक्षित कर तैयार इस चर्चित स्विस विज्ञापन को देखने के लिए इस पंक्ति को क्लिक करें.

रविवार, मार्च 12, 2006

रनों का बादल फटा, इच्छाशक्ति जीती

हर महत्वपूर्ण व्यक्ति, घटना या अवसर के लिए साल का एक दिन तय होता है. क्या ही अच्छा होता जो खेलों के लिए भी ऐसी व्यवस्था होती. और कभी ऐसी व्यवस्था होती है तो निश्चय ही क्रिकेट के लिए तय होगा 12 मार्च का दिन.

ग़ैरक्रिकेटिंग दुनिया में निठल्ले दर्शकों की पसंद के रूप में जानी जाती क्रिकेट ने रविवार 12 मार्च 2006 को दिखा दिया कि आख़िर क्या ख़ूबसूरती है इस खेल में. जोहानसबर्ग एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया ने मेज़बान दक्षिण अफ़्रीका के सामने क्रिकेट इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य पेश किया- 435 रनों का लक्ष्य. और निर्धारित पचास ओवरों में एक गेंद शेष रहते दक्षिण अफ़्रीका ने यह लक्ष्य हासिल कर दिखाया- नौ विकेट पर 438 रन बना कर. इसी के साथ दक्षिण अफ़्रीका ने पाँच एकदिवसीय मैचों की सिरीज़ 3-2 से अपने नाम कर ली. क्या ही ऐतिहासिक स्कोरकार्ड है इस मैच का.

जोहानसबर्ग में रनों की बरसात नहीं हुई, बल्कि रनों का बादल फट पड़ा. जैसे हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना में कुछ मिनटों के दौरान कई सौ मिलीमीटर बारिश हो जाती है, उसी तरह जोहानसबर्ग में रनों का बादल फटा और एक ही दिन में बन गए 872 रन. ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ एमएल लुइस से सबको सहानुभूति होगी- बेचारे ने निर्धारित दस ओवरों में 113 रन दिए, बिना कोई विकेट लिए. जोहानसबर्ग में गेंदबाज़ों की बेचारगी की क़ीमत पर मज़े किए रिकी पोंटिंग और हर्शेल गिब्स जैसे बल्लेबाज़ों ने- पोंटिंग ने नौ छक्कों और 12 चौकों की सहायता से बनाए 105 गेंदों पर 164 रन, जबकि गिब्स ने 21 चौकों और सात छक्कों के सहारे बनाए 111 गेंदों पर 175 रन.

क्रिकेट भले ही गेंद और बल्लों से खेला जाता हो, लेकिन अन्य खेलों की तरह इसमें भी बड़े अवसरों पर जीत होती है सिर्फ़ अटल इरादे और दृढ़ इच्छाशक्ति की. 12 मार्च 2006 को जोहानसबर्ग में दक्षिण अफ़्रीकी बल्लेबाज़ों के माध्यम से इसी जुझारूपन, दृढ़ निश्चय की जीत हुई. वरना पोंटिंग और उनके बल्लाधारियों ने जितनी बड़ी चुनौती पेश की थी उससे आज तक किसी भी टीम का सामना नहीं हुआ था.

ज़ाहिर है यह मैच अगले साल के विश्व कप क्रिकेट मुक़ाबले तक सभी प्रतिभागी टीमों के लिए एक मापदंड का काम करेगा. भारतीय टीम(टीवी चैनलों की 'टीम इंडिया') को विश्व कप का दावेदार बताने वाले निश्चय ही अपने दावे को दोबारा ठोक-बजाकर देखेंगे. जहाँ तक मेरी राय है, जोहानसबर्ग के इस ऐतिहासिक मैच से मौजूदा भारतीय टीम पर भरोसा बढ़ना ही चाहिए. कम से कम इस दृष्टि से तो ज़रूर ही, कि बड़े लक्ष्यों का पीछा करने के मामले में हमारा रिकॉर्ड हाल के दिनों में बहुत बढ़िया रहा है.